जिला स्तरीय खेल महाकुंभ में भाग लेने वाले टेबल टेनिस के खिलाड़ी। कोच
कैथल। जिला स्तरीय खेल महाकुंभ के तहत बुधवार को फेंसिंग, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस और जिम्नास्टिक के मुकाबले आयोजित किए गए। शहर के अलग-अलग खेल स्टेडियमों में हुई प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन चारों खेलों में 50 से अधिक खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए किया गया है।
जिला स्तरीय खेल महाकुंभ के नोडल अधिकारी एवं बॉक्सिंग कोच गुरमीत सिंह ने बताया कि जिले में 30 से अधिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों का चयन निर्धारित प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वीरवार को नेहरा शूटिंग रेंज में शूटिंग के मुकाबले करवाए जाएंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या भी स्पष्ट हो जाएगी। उम्मीद है कि जिले से विभिन्न खेलों में 600 से अधिक खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है, ताकि वे पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर सकें।
राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए चयनित टेबल टेनिस के खिलाड़ी...
महिला वर्ग में खिलाड़ी वीशा, मनीषी, संजना, तुव्रिका, ओजस्वी व हर्षिता (स्टैंड बाई) का चयन राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए हुआ है। इसी तरह पुरुष वर्ग में पोटर, निलेश, शब्द, दिव्यांश, साकेत, अक्षज व फार्तेक (स्टैंड बाई) का चयन हुआ है।