कैथल/गुहला-चीका। चीका से पंजाब बॉर्डर पर पटियाला तक रास्ता बंद होने के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पंजाब की तरफ से आने वाले और चीका से पंजाब की तरफ जाने वाले लोगों को करीब तीन किलोमीटर तक पैदल ही सफर करना पड़ा।
हालांकि पंजाब और हरियाणा की तरफ ऑटो और ई-रिक्शा तो चलाई गई, लेकिन ऑटो या ई-रिक्शा पकड़ने के लिए भी लोगों को पैदल सफर तय करने के लिए मजबूर होना पड़ा। ये वे लोग थे, जिनका पंजाब में पटियाला या समाना और या हरियाणा में चीका व कैथल में पहुंचना किसी काम से जरूरी था।
इसके साथ ही महज पांच किलोमीटर के रास्ते पर पुलिस की ओर से तीन नाके लगाए गए थे। शहर के उधम सिंह चौक से लेकर टटियाना बॉर्डर तक एक तरफ रास्ता रोका गया था।
यह बोले परेशान लोग-
समाना से आई रानी देवी ने बताया कि चीका में उसकी बेटी की शादी हो रखी है। यह पिछले दो दिन से बीमार है। उसका पता लेना बेहद जरूरी था, लेकिन रास्ते बंद होने के चलते 30 मिनट के रास्ते को एक घंटे में तय किया है। पहले तो रामनगर गांव तक ऑटो लिया। इसके बाद पंजाब बॉर्डर तक और फिर पंजाब बॉर्डर से चीका तक ऑटो लिया। इस कारण उसका किराया भी दोगुना हुआ है।
पटियाला से आए दलविंद्र सिंह ने बताया कि कैथल में रिश्तेदारी में एक शादी समारोह है। पहले तो गाड़ी लेकर आने का मन बनाया, लेकिन जानकारी मिली कि पटियाला जिले से लगती हरियाणा बॉर्डर को सील किया गया है। इस कारण वे बस के माध्यम से पहले पंजाब के बलबेहड़ा गांव में पहुंचे। इसके बाद ई-रिक्शा के माध्यम से पंजाब बॉर्डर तक पहुंचे। इसके बाद पैदल ही टटियाना गांव तक पहुंचे। काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संवाद