संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मुख्यमंत्री नायब सैनी आरकेएसडी कॉलेज में हुई बैठक में भाग लेने के बाद जब हेलीपैड के लिए रवाना हुए, तो कॉलेज के मुख्य द्वार पर खड़े फरियादियों को देखकर उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाने के निर्देश दिए। बिना किसी विलंब के मुख्यमंत्री स्वयं गाड़ी से नीचे उतरे और फरियादियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
सुरक्षा कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला, जबकि मुख्यमंत्री का काफिला करीब पांच मिनट तक सड़क पर रुका रहा। इस दौरान कुछ लोग क्षेत्र में सड़क निर्माण की धीमी गति को लेकर परेशान नजर आए, तो कुछ ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं उठाईं। वन मित्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस कदम से मौके पर मौजूद लोगों में उत्साह और संतोष का माहौल दिखाई दिया। लोगों का कहना था कि पहली बार उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनकी आवाज सीधे प्रदेश के मुखिया तक बिना किसी बाधा के पहुंची है। फरियादियों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री पुनः अपने काफिले में सवार हुए और हेलीपैड की ओर रवाना हो गए। कॉलेज गेट पर हुआ यह दृश्य लोगों के लिए यादगार बन गया।
स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा की और कहा कि वह आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने वाले जमीन से जुड़े नेता हैं।