संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिवाली का त्योहार पर प्रशासन की ओर से शहर के बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शहर के मुख्य तलाई बाजार, राजगुरु मार्केट, नई अनाज मंडी रोड और रेलवे गेट के आसपास पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से नाके लगा दिए हैं। त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ के बीच किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ले रही है।
तलाई बाजार चौक पर लगाए गए पुलिस ने नाके लगाए हैं। पुलिस जवान हर वाहन को रोककर उसके दस्तावेज चेक कर रहे हैं। साथ ही डिग्गी और बैग की तलाशी भी ली जा रही है।
तलाई बाजार में खरीदारी करने आई मंजू देवी ने बताया कि त्योहारों के समय भीड़ बहुत बढ़ जाती है, ऐसे में दुकानें भी बाहर तक फैल जाती हैं। पुलिस के नाके लगे देखकर अच्छा लगता है कि प्रशासन सच में अलर्ट है। वहीं, दुकानदार अनिल कुमार ने कहा कि कई बार बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में बाजार में घुस जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा रहता है।
बाजार में खरीदारी करने आए चंदाना गेट निवासी अमित ने कहा कि चेकिंग के कारण थोड़ी देरी हो जाती है पर त्योहार सुरक्षित माहौल में मनाना जरूरी है। नशे के कारोबारियों, संदिग्ध व्यक्तियों और पटाखों की अवैध ढुलाई पर नजर रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। नाकों के साथ-साथ पुलिस ने जिले के कई बाजार में पैदल गश्त भी तेज कर दी है।
शाम के समय भीड़ बढ़ते ही होमगार्ड और ट्रैफिक पुलिस बाजार में गश्त करते नजर आते हैं। साथ ही दुकानदारों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।