संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। सामान्य पर्यवेक्षक वीजे राजपूत ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय कलायत में सेक्टर ऑफिसर व जोनल मजिस्ट्रेट की बैठक ली। इस मौके पर सामान्य पर्यवेक्षक वीजे राजपूत ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्वक ढंग से चुनाव संपन्न करवाने में सेक्टर
ऑफिसर व जोनल मजिस्ट्रेट महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मठता एवं ईमानदारी से कार्य करें और पीओ हैंडबुक का अच्छी तरह से अध्ययन करें, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की आशंका नहीं रहे। अगले दो दिनों में सभी सेक्टर ऑफिसर अपने-अपने बूथों का निरीक्षण कर वहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं होना सुनिश्चित करवाएं।
इस मौके पर कलायत आरओ एवं एसडीएम सत्यवान सिंह मान मौजूद रहे। सामान्य पर्यवेक्षक वीजे राजपूत ने कहा कि समूची चुनावी प्रक्रिया में चुनाव आयोग की हिदायतों का पालन शत-प्रतिशत होना चाहिए।
उन्होंने कहा सभी सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे रैंप, पीने का पानी, शौचालय, बिजली आदि की व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करें। सेक्टर ऑफिसर अपने सेक्टर के अधीन आने वाले बूथों के बीएलओ से तालमेल रखें और समस्त मतदान केंद्रों में स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न करवाएं।
एसडीएम सत्यवान सिंह मान ने बताया कि सभी अधिकारी आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन सख्ती से करवाना सुनिश्चित करें। सभी गतिविधियों में चुनाव आयोग की हिदायतों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। इसके साथ ही रिपोर्ट समयबद्ध देना सुनिश्चित करें।