संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रतिबंधित नशीला गोलियां बरामदगी मामले में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया है। इस आरोपी से 35 हजार 200 गोलियां, 304 एमटीपी किट (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) और नसों को मजबूत करने वाली 1310 गोलियां बरामद की गई हैं।
एक दिन पहले ही एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने 23 हजार 600 प्रतिबंधित गोलियों के साथ विक्रम नामक आरोपी को काबू किया था। अब पुलिस ने साहिल को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में सीआईए-वन कार्यालय में डीएसपी बीरभान ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपस में संपर्क है और ये केवल परिचितों को ही नशीली गोलियां बेचते थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि दोनों की सप्लाई नेटवर्क आस-पास के जिलों तक फैला हो सकता है। अब तक की कार्रवाई में 58 हजार 800 प्रतिबंधित गोलियां, 304 एमटीपी किट (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) और 1310 कैप्सूल जब्त किए गए हैं।
डीएसपी ने बताया कि दूसरे मामले में सीआईए-वन प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम खुराना बाईपास पर गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि खुराना रोड निवासी साहिल ने न्यू बोबी मेडिकल नाम से स्टोर खोला हुआ है और इसकी आड़ में नशीली गोलियां बेचता है। सूचना के अनुसार वह इस समय अपने मकान से गोलियां लेकर आ रहा है।
पुलिस ने गली नंबर तीन खुराना रोड स्थित साहिल के मकान पर दबिश दी। एक युवक बैग लेकर भागने
का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। डीएसपी बीरभान
और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर चेतन वर्मा की मौजूदगी में की गई जांच में बैग से 35 हजार 200 गोलियां और 304 एमटीपी किट बरामद हुईं। इन्हें प्रतिबंधित घोषित किया गया।
इसके अलावा मौके पर पहुंचे नोडल ऑफिसर पीएनडीटी, डॉक्टर सचिन मांडले की शिकायत पर थाना शहर में केस दर्ज किया गया। एएसआई बिजेंद्र सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच की जाएगी।
हमारी एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई राजबीर सिंह की टीम मेन चौक खुराना रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान हमें सूचना मिली कि नानकपुरी कॉलोनी निवासी विक्रम अपने मकान से प्रतिबंधित गोलियां बेचता है। सूचना की पुष्टि के बाद हमने विक्रम के घर पर दबिश दी। विक्रम ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हमारी टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। मेरी और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर चेतन वर्मा की मौजूदगी में जब आरोपी के मकान की तलाशी ली गई तो उसके बेड से दो पॉलीथिन बैग बरामद हुए, जिनमें 23 हजार 600 नशीली गोलियां थीं। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने इन गोलियों को प्रतिबंधित घोषित किया। आरोपी के खिलाफ थाना शहर में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। -बीरभान,डीएसपी