संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल सतेंद्र कुमार गुप्ता मंगलवार को मालखाना कैथल पहुंचे। वहां पर पुलिस गार्द ने उन्हें सलामी दी। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि उन्होंने मालखाना में रखी नशा तस्करी
मामलों में बरामद केस संपत्ति जांच के बाद सील की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 50 मामलों में बरामद डोडा पोस्त, चूरा पोस्त, गांजा, हेरोइन, दवाएं, अफीम व चरस को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें आईजी करनाल मंडल सतेंद्र कुमार गुप्ता व एसपी कैथल उपासना ने कोर्ट परिसर स्थित मालखाना की जांच की। इस दौरान मालखाने में सुरक्षित रखे गए माल मुकदमों का रजिस्टर में अंकित मद अनुसार मिलान किया।
इस दौरान डीएसपी मुख्यालय उमेद सिंह, मालखाना इंचार्ज एएसआई सुरेश कुमार, एचसी होशियार सिंह, एसपी प्रवाचक एएसआई रामपाल अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जांच प्रक्रिया उपरांत मुख्य मालखाना कक्ष के लॉक को सील कर दिया। उक्त नशे को ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा आगामी दिनों करनाल में बजीदा जाटान स्थित वेस्टेज फैक्ट्री में शीघ्र ही नष्ट किया जाना है।