संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर थाना पुलिस ने नानकपुरी कॉलोनी में बैंक के कब्जे वाली संपत्ति का ताला तोड़कर दोबारा अवैध रूप से कब्जा करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों पर बैंक ने सरफेसी एक्ट के तहत कब्जे में ली गई प्रॉपर्टी में घुसपैठ करने का आरोप है।
पुलिस को दी शिकायत में एक्सिस बैंक लिमिटेड के अधिकृत अधिकारी आकाशदीप ने बताया कि नानकपुरी कॉलोनी स्थित 75 वर्ग गज के मकान को गजेंद्र कश्यप और उसकी पत्नी सीमा देवी ने होम लोन के बदले बैंक के पास गिरवी रखा था। लगातार किश्तें जमा न होने के कारण बैंक ने 8 जनवरी 2024 को खाते को एनपीए घोषित कर सरफेसी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी थी।
शिकायत के अनुसार, बैंक को 12 मार्च 2025 को डीसी कार्यालय से संपत्ति का भौतिक कब्जा लेने के आदेश मिले थे। इसके बाद 29 अप्रैल 2026 को ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में बैंक ने मकान का कब्जा लेकर ताले लगा दिए थे तथा कब्जा नोटिस भी चस्पा किया गया था।
बैंक की ओर से नियुक्त सुरक्षा गार्ड ने मौके पर पहुंचकर देखा कि बैंक के लगाए गए ताले टूटे हुए थे। आरोप है कि गजेंद्र कश्यप, उसकी पत्नी सीमा देवी और गंगाराम अन्य लोगों के साथ मकान के अंदर बैठे मिले। बैंक ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने अवैध रूप से दोबारा संपत्ति में प्रवेश कर कब्जा कर लिया।
सिटी थाना एसएचओ गीता रानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर गजेंद्र कश्यप, सीमा देवी, गंगाराम और अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।