अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा निर्देश देते एसडीएम अजय हुड्डा। विज्ञप्ति
कलायत। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य अभियानों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। यह निर्देश एसडीएम अजय हुड्डा ने शुक्रवार को उपमंडल कार्यालय में आयोजित अधिकारियों की बैठक में दिए।
बैठक में एचपीवी टीकाकरण, जलजनित बीमारियों की रोकथाम और एनीमिया मुक्त अभियान की समीक्षा की गई। एसडीएम ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीकाकरण को लेकर लोगों की भ्रांतियां दूर की जाएं और उन्हें सही जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश
जलजनित बीमारियों की रोकथाम पर जोर देते हुए एसडीएम ने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना जरूरी है। इसके लिए पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और समय-समय पर पानी के सैंपल लिए जाएं। जल स्रोतों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। आमजन को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनीमिया मुक्त अभियान के तहत बच्चों, किशोरियों और महिलाओं में खून की कमी दूर करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा निर्देश देते एसडीएम अजय हुड्डा। विज्ञप्ति