गांव दूसेरपुर में तालाब जीर्णोद्धार के कार्य निरीक्षण करते हुए एसडीएम। विज्ञप्ति
गुहला-चीका। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने गांव दूसेरपुर में चल रहे तालाब जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि तालाब जीर्णोद्धार का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्य की नियमित निगरानी करते हुए सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों का संरक्षण जल संरक्षण और भूजल स्तर बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। वर्षा जल के संचयन में भी तालाबों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि तालाबों के जीर्णोद्धार से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए और समय-समय पर निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाए, ताकि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा कर ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।