खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदाम से एक फ्लोर मिल में ले जाए गए गेहूं को एसडीएम संजय कुमार द्वारा शनिवार देर रात पकड़ा गया था। इसके बाद वीरवार को जांच के लिए गठित टीम में शामिल खाद्य एवं आपूर्ति विभाग इंस्पेक्टर सुभाष, प्रजा सिंह ढांड और दीपक कुमार ने गोदाम में स्टाक की गिनती शुरू करा दी है। गेहूं की बोरियों की गिनती का कार्य खबर लिखे जाने तक जारी है।
डीएफएसई प्रमोद शर्मा ने बताया कि उपमंडल अधिकारी संजय कुमार ने गोदाम से ले जा रहे एक गेहूं भरे ट्रक के पकड़े जाने के बाद मामले की जांच के लिए लिखे गए के अनुपालन में जिला पालिका आयुक्त कैथल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कैथल, जिला विपणन प्रर्वतन अधिकारी हरियाणा व राज्य कृषि विपणन बोर्ड कैथल की सहभागिता में टीम गठित की गई है। फिलहाल विभागीय अधिकारियों द्वारा गेहूं के स्टाफ की गिनती की जा रही है। गिनती के बाद ही जानकारी हो सकेगी कि कुल कितना गेहूं कम है। इसकी रिपोर्ट शीघ्र एसडीएम प्रेषित कर दी जाएगी।
इधर, रामगढ़ रोड स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदाम में चल रही गिनती के मामले में अधिकारियों ने फिलहाल कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि इसकी रिपोर्ट सीधे उच्चाधिकारियों को ही दी जाएगी।
थाना प्रभारी जयवीर ने बताया कि गेहूं घोटाले की जांच गहनता से की जा रही है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कार्यालय एवं फ्लोर मिल दोनों जगहों पर पुलिस टीम की नियुक्त की गई है। फ्लोर मिल व रामगढ़ रोड पर स्थित खाद्य विभाग के गोदाम का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जांच में यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।