अनाज मंडी में धान की खरीद न होने से खफा किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान होशियार सिंह की अध्यक्षता में मार्केट कमेटी सचिव के गेट को बंद कर धरना दिया। लगभग आधे घंटे तक गेट बंद रहने पर बाद में एसडीएम संजय कुमार ने खरीद शुरू करने की बात कहकर किसानों को शांत किया। एसडीएम संजय कुमार ने दोनों खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर धान की खरीद शुरू करवाई। उधर किसानों का आरोप था कि यहां दो खरीद एजेंसियां नियुक्त की गई हैं लेकिन कोई भी एजेंसी सही तरीके से धान की खरीद नहीं कर रही। जिससे किसान पिछले कई दिनों से धान की फसल लेकर मंडी में बैठे हैं। लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही जिससे उन्हें भारी नुकसान व परेशानी उठानी पड़ रही है।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष होशियार सिंह ने कहा कि किसान पिछले 8 दिन से धान की फसल लेकर मंडी में बैठे हैं। लेकिन खरीद एजेंसी नमी बताकर खरीद नहीं कर रही। जिससे किसान बुरी तरह परेशान हो चुका है। आखिरकार किसानों को मजबूरी वंश मार्केट कमेटी के गेट को बंद करना पड़ा। जिसके बाद खरीद भी शुरू हो गई। इस दौरान किताब सिंह, सतीश चहल, वीरेंद्र, संदीप चहल, रामफल, शीशपाल, संदीप सहित भारी संख्या में किसान मौजूद थे। इस बारे मार्केट सचिव चरणदास ने बताया कि बुधवार को दोनों खरीद एजेंसियों द्वारा 7500 क्विंटल धान की खरीद की गई है।