संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चुनाव के समय कोर्ट केस की जानकारी छिपाने के आरोप सही पाए जाने के बाद डीसी प्रीति ने गुहला खंड के गांव माजरी के सरपंच सतनाम सिंह को उनके पद से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश डीसी ने एक पत्र जारी करके दिए हैं। गौरतलब है कि इस मामले में कुछ अन्य ग्रामीणों ने सरपंच के खिलाफ इसी साल के सितंबर माह में ही शिकायत दी थी।
जानकारी के अनुसार, सरपंच सतनाम सिंह ने चुनाव के समय अपने आपराधिक केस और कोर्ट केस की जानकारी प्रशासन से छिपाई थी। सरपंच पर गुहला की एक कोर्ट में एक केस विचाराधीन है, लेकिन इसको लेकर सरपंच ने जिला प्रशासन को जानकारी नहीं दी। इन्हीं बिंदुओं की जांच को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को शिकायत दी थी।
इसके बाद गुहला के एसडीएम को जांच के आदेश दिए थे। एसडीएम की ओर से की जांच के बाद एडीसी के पास अंतिम जांच के लिए भेजा गया था। एडीसी की जांच के बाद सरपंच को उसका पक्ष रखने के लिए समय दिया गया, लेकिन सरपंच इस दौरान भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद ही डीसी प्रीति की ओर से सरंपच के निलंबन के आदेश जारी किए गए हैं। अब यह सरपंच आगामी किसी भी बैठक या अन्य किसी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकता है।