कैथल। गांव करोड़ा में पंचायत चुनाव को लेकर सरपंच प्रत्याशी तथा उसके पति से मारपीट के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
गांव करोड़ा की प्रीति ने पूंडरी थाना में दी शिकायत में बताया कि उसने सरपंच पद के लिए नामांकन किया हुआ है। उसे चुनाव निशान नारियल का पेड़ मिला हुआ है। पंचायत चुनाव के लिए उसका पूरा परिवार गांव में प्रचार पर लगा हुआ है।
29 अक्तूबर को उसका पति दीपक परिवार के साथ बैठक में सरपंच के चुनाव के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्हीं के परिवार का गुरदेव बार-बार आकर गाली गलौच कर रहा था। इसके बाद उसके पति व परिवार के अन्य सदस्य जल्द बातचीत कर घर के अंदर चले गए। रात को जब वह अपने मकान का दरवाजा बंद करने के लिए गेट पर आई तो उसी समय आरोपी गुरदेव व रवि उनके घर पहुंच गए। इसके बाद उसका पति नीचे आया तो आरोपी गुरदेव ने उसके पति के सिर में ईंट और रवि ने थप्पड़ और मुक्के मारे। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एचएचओ शिव कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।