संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। सजूमा की सरपंच सीमा देवी ने एक सराहनीय पहल करते हुए गांव के टीबी (तपेदिक) मरीजों को गोद लिया है। उन्होंने अपने पति और सरपंच प्रतिनिधि अनिल कुमार सैनी के साथ मिलकर इन मरीजों को राशन वितरित किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम में सरपंच सीमा देवी ने कहा कि गांव के जितने भी टीबी मरीज हैं, उनके स्वास्थ्य का वे विशेष ध्यान रखेंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मरीजों की सभी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सरपंच प्रतिनिधि अनिल कुमार सैनी ने मरीजों से संवाद किया और उन्हें टीबी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि समय पर दवाई लेना और उचित पोषण बनाए रखना इस बीमारी को पूरी तरह ठीक करने में मदद करता है।
कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनू शर्मा ने टीबी से संबंधित स्वास्थ्य शिक्षा दी। उन्होंने मरीजों को बताया कि नियमित दवा लेना कितना महत्वपूर्ण है और इलाज नहीं छोड़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने पौष्टिक आहार और स्वच्छता का पालन करने की भी सलाह दी।
स्वास्थ्य निरीक्षक रमेश कुमार और एमपीएचडब्ल्यू प्रदीप कुमार ने सरपंच की इस पहल की सराहना की।