संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कई दिनों से सरल पोर्टल के बंद होने के कारण शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, परिवार पहचान पत्र सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज नहीं बन पा रहे हैं।
आम लोगों को जरूरी कामों के लिए सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) सेवा केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन वहां भी पोर्टल ठप होने के कारण कोई समाधान नहीं मिल रहा है। वर्तमान समय में स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया भी जोरों पर है और स्कूल प्रशासन की ओर से बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावकों से आय प्रमाण पत्र जमा करने को कहा जा रहा है।
सरल पोर्टल न चलने के कारण यह प्रमाणपत्र नहीं बन रहे, जिससे माता-पिता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की ओर से चलाई जा रही योजना चिरायु योजना आदि के लिए भी आवश्यक दस्तावेज़ सरल पोर्टल के माध्यम से बनते हैं, लेकिन साइट ठप होने की वजह से इन कार्यों में देरी हो रही है।
सीएससी केंद्र संचालकों को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खुराना रोड स्थित सीएससी संचालक गौरव ने बताया कि सरकार की ओर से संचालित यह पोर्टल पिछले पांच दिनों से बंद पड़ा है, जिससे लोग बेहद परेशान हैं। रोजाना कई नागरिक केंद्रों पर आते हैं, लेकिन पोर्टल न चलने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी चिंता जाहिर की।
बुजुर्ग सुल्तान सिंह, जिले सिंह और अजीब सिंह ने बताया कि उनके कई जरूरी कार्य इस पोर्टल के बंद होने की वजह से अटके पड़े हैं। बिना परिवार पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों के वे सरकारी लाभ और योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले जिला अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबू लाल कारवा ने सरल पोर्टल जल्द शुरू होने की बात कही थी पर समाधान न होने से लोग परेशान हैं।