सांसद राजकुमार सैनी रविवार शाम लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों से मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कहा कि जो लोग ताकतवर हैं, वे कमजोर वर्ग को दबाना चाहते हैं। प्रदेश में जिस 90 प्रतिशत वर्ग ने भाजपा को वोट दिया है, उन्हें विकास के साथ-साथ सुरक्षा मुहैया करवाना बेहद जरूरी है। भाजपा ने ताकतवर लोगों को 27 टिकट चुनाव में दिए थे, लेकिन एक या दो सीटों पर ही जीत मिली। वह भी हमने ही दिलवाई। जो लोग रेल रोक दें, जहाज को जमीन पर उतरने न दें, नहरों के पानी को रोक दें, सरकारी नौकरियों में बड़े पदों पर बैठे हों तो भला वे लोग पिछड़े कैसे हो सकते हैं? यदि आरक्षण की जरूरत है तो ब्राह्मण, बनिया सहित अन्य पिछड़े समुदाय के लोगों को है।
उन्होंने कहा कि राज्य सभा को खत्म करना चाहिए। यहां बैठे नेता देश का विकास नहीं बल्कि अपने बारे में सोचते हैं। भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है, सभी को अपनी कहने व रखने का अधिकार है। उन्होंने कभी किसी को गलत नहीं कहा, यदि कोई यह साबित कर दे कि उन्होंनेे किसी को गलत कहा है तो जो सजा देंगे मैं भुगतने के लिए तैयार हूं। वे दबे, कुचले व कमजोर वर्ग के लोगों के हकों की आवाज को उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। सांसद ने कहा कि सभी जातियों को आरक्षण की जरूरत है। आरक्षण आर्थिक आधार पर सभी जातियों को दिया जाना चाहिए। वे ना तो किसी का हक छीनना चाहते, ना ही अपना हक लुटवाना चाहते। उन्होंने कहा कि मनरेगा का छोटे किसानों को भी लाभ दिया जाए। उरी में हुए आतंकी हमले को लेकर सैनी ने कहा कि आतंकवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंभीर है। वह दिन दूर नहीं जब आतंकवाद को जन्म देने वाले पाकिस्तान को नक्शे से ही खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कैथल का रेलवे हॉल्ट शीघ्र शुरू होगा। वे इस बारे में अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। इस अवसर पर राजपाल तंवर, राजेंद्र शर्मा शेल्टी, लीला राम, यशपाल प्रजापति, सुरेश गर्ग नौच, सुरेंद्र बिट्टू, पाला राम सैनी, पूर्व सरपंच मांगेराम, अनिल सैनी, कपिल सिरोही आदि मौजूद थे।