कैथल। सर्दी के मौसम में छोटे बच्चों को निमोनिया से बचाने और इस बीमारी के कारण होने वाली मृत्यु दर कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सांस अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र गर्ग ने अभियान का शुभारंभ किया।
यह अभियान 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की समय रहते पहचान, उपचार और बचाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का नारा निमोनिया नहीं, तो बचपन सही रखा गया है। जिला प्रतिरक्षा अधिकारी डॉ. नवराज सिंह ने बताया कि अभियान के तहत आशा वर्कर घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगी। बच्चों में निमोनिया के संदिग्ध लक्षण मिलने पर उनकी जांच करवाकर उपचार शुरू कराया जाएगा।
गंभीर स्थिति वाले बच्चों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा। सरकारी अस्पतालों में भी निमोनिया से पीड़ित बच्चों के उपचार और विशेष देखभाल की व्यवस्था रहेगी। सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र गर्ग ने अभिभावकों से अपील की कि सर्दी के मौसम में पांच वर्ष तक के बच्चों का विशेष ध्यान रखें और निर्धारित समय पर पीसीवी टीकाकरण करवाएं। लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी गोयल, डॉ. दिनेश कंसल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल अग्रवाल व डॉ. प्रीति अग्रवाल मौजूद रहे।
पीसीवी टीकाकरण से बचाव संभव
डॉ. नवराज सिंह ने बताया कि निमोनिया छोटे बच्चों में मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल है। समय पर पहचान और टीकाकरण से बचाव किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन (पीसीवी) लगाई जा रही है। इसकी पहली खुराक डेढ़ माह, दूसरी साढ़े तीन माह और बूस्टर खुराक नौ माह की आयु में दी जाती है। अभियान के दौरान आशा वर्कर टीकाकरण से वंचित बच्चों की सूची तैयार कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित करवाएंगी।
निमोनिया के लक्षण
डॉ. नवराज सिंह ने बताया कि बच्चों का खाना-पीना छोड़ना, तेज बुखार, खांसी-जुकाम बढ़ना, तेजी से सांस चलना और सांस लेते समय छाती का नीचे की ओर धंसना निमोनिया के लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा झटके आना, सुस्ती और सामान्य से अधिक नींद आना भी खतरे के संकेत हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
रीबन काटकर सांस अभियान का शुभारंभ करते सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र गर्ग। विज्ञप्ति