संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शिक्षक दिवस के उपलक्ष में भारत विकास परिषद् कैथल शाखा ने ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल के गुरु वंदन- छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर वक्ताओं ने अध्यापक का दर्जा सबसे ऊंचा बताया।
भाविप सचिव डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि शिक्षक की निष्ठा, समर्पण, उतरदायित्व व समाज निर्माण में अतुल्य भूमिका हैं। इसलिए भाविप ने अध्यापकों को सम्मान देने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया। हरीश चावला ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे युवा पीढ़ी को शिक्षा के साथ ही संस्कारवान एवं चरित्रवान बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा करे।
कार्यक्रम संयोजक राजकुमार जिंदल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज का आईना होता है। शिक्षक का पहला कर्तव्य विद्यार्थी को सही दिशा देना होता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अध्यापकों के चरणस्पर्श किए और अध्यापकों ने उन्हें आशीर्वाद दिया।
शाखा अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने विद्यार्थियों से डॉ. राधा कृष्णन के जीवन से सीख लेने का आह्वान किया और उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा को और अधिक रुचिकर बनाने पर जोर दिया। भाविप सदस्य अश्विनी अग्रवाल ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधा कृष्णन के जन्म दिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता हैं।
अंत में प्रिंसिपल अंजू तलवार ने गुरु शिष्य परंपरा पर प्रकाश डाला और भाविप के किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस मौके पर कार्यक्रम में अशोक गुप्ता, रमेश पपरेजा, नरेश गर्ग, सुधीर मदान, प्रवेश चुघ, सीमा सिंगला, मीनाक्षी गोयल, वीना गर्ग,पूजा अग्रवाल, रूबी जिंदल, सजींवा शर्मा उपस्थित रहे। अंत में परिषद अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने स्कूल प्रबंधन, स्कूल प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया।