पूंडरी। गांव फतेहपुर में करीब 32 साल के युवक की पश्चिम बंगाल से आए एक साधु ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। गर्दन, पेट व छाती पर किए गए ताबड़तोड़ वार की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक दिहाड़ी मजदूर था। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया है। चाचा सतपाल के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
चाचा सतपाल ने पुलिस को बताया कि भतीजा राकेश डेरा बाबा चांदी में आता-जाता रहता था। आरोपी साधु भी डेरे में आता-जाता रहता था और अब चार-पांच दिनों से डेरे में आया हुआ था। 28 अप्रैल को उसके भतीजे राकेश के साथ साधु की किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। रात को 9:40 बजे वह गली में घूम रहा था तभी डेरे में जग रहे बल्ब की रोशनी में उसने देखा कि साधु उसके भतीजे को मार रहा था, उसके हाथ में चाकू था। उसने आवाजें मारी और साधु की तरफ दौड़ा तो इतने वह उसके भतीजे पर ताबड़तोड़ चाकू के कई वार करके मौके से भाग चुका था। भतीजा खून से लथपथ पड़ा था।
सतपाल ने बताया कि उसकी आवाज सुनकर इस बीच मोहल्ले के तीन-चार लड़के आ गए। उनकी मदद से उसने भतीजे राकेश को पूंडरी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चाकू के गहरे घाव की वजह से उसके भतीजे की मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी साधू प्रदीप पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। मृतक राकेश दिहाड़ी मजदूरी करके गुजारा कर रहा था। वह भी डेरे में आता-जाता था। उधर, थाना पूंडरी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मौके से साधु प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उससे पूछताछ जारी है।