कैथल। जिला शिक्षा विभाग ने 134ए के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को दाखिला दिलवाने के लिए 11 मई को होने वाली परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शिक्षा विभाग ने टेस्ट के लिए कुल नौ परीक्षा सेंटर बनाए हैं। जिसमें कक्षा पहली से लेकर कक्षा बारहवीं तक के करीब 2800 से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद आंतिल, उप जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिरोही, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतीश राणा ने स्कूल मुखिया और सेंटर सुपरवाइजरों की नियुक्ति की। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यह टेस्ट लर्निंग लेवल एस्समेंट का है।
इसके लिए कुल नौ सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह दस बजे आंरभ होगी। कक्षा तीसरी से लेकर पांचवीं तक के विद्यार्थियों का परीक्षा का समय डेढ़ घंटे का रहेगा। जबकि छठी से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थियों को समय दो घंटे रखा गया है। विद्यार्थियों को एक घंटा पहले परीक्षा केन्द्र में उपस्थित होना होगा।
इन स्कूलों में होगी परीक्षा
1. कक्षा तीसरी, चौथी और पांचवीं कक्षा की परीक्षा जाट स्कूल में।
2. छठी और सातवीं की परीक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल में।
3. आठवीं और नौवीं की परीक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यामिक विद्यालय में।
4. दसवीं व बारहवीं की परीक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यामिक विद्यालय, जखौली अड्डा में होगी।
टेस्ट का लेकर अभिभावकों में रोष
शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों ली जा रही लर्निंग लेवल एस्समेंट परीक्षा पर अभिभावकों में काफी रोष है। अभिभावक मनोज कुमार, अशोक शर्मा, प्रमोद सिंह, अनुज कुमार, विक्रम सिंह, बलराज शर्मा और नरात्रा सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को टेस्ट लेकर सरकार गरीबों से मजाक कर रही है। शिक्षा विभाग ही अच्छे विद्यार्थियों को चयन करके निजी स्कूलों को दे रहा है। उन्होंने बताया कि जब विद्यार्थी गरीब है तो उसको सीधा दाखिला दिया जाना चाहिए।