पीएम नरेंद्र मोदी के गाने लिख कर व गा कर प्रसिद्ध हुए हरियाणा सरकार में विशेष पब्लिसिटी सेल के चेयरमैन रॉकी मित्तल को सोमवार को उनके पद से हटा दिया गया। उनके हटाए जाने के संबंध में एक पत्र सोशल मीडिया पर वारयल हो रहा है। जिस बारे में पूछने पर रॉकी मित्तल ने उन्हें हटाए जाने की पुष्टि की है।
विदित रहे कि पीएम बनने से पहले ही रॉकी मित्तल ने नरेंद्र मोदी के पीएम बनने के बारे में गाना बनाया था। इसके बाद से लेकर अभी तक भी निरंतर नरेंद्र मोदी को लेकर गाने लिख और गा रहे हैं। इसी के चलते संभवत: उन्हें भाजपा की प्रदेश में पिछली बार आई सरकार में भी कई पदों पर नियुक्ति दी गई। इस कार्यकाल में भी रॉकी मित्तल को विशेष पब्लिसिटी सेल का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। जिसमें रॉकी मित्तल पीएम सहित सीएम के काम को लेकर भी गाने लिख व गा रहे थे। साथ में पब्लिसिटी संबंधी काम देख रहे थे। लेकिन अब अचानक उन्हें पद से हटा दिया गया है।
अमर उजाला से बातचीत में रॉकी मित्तल ने कहा कि उन्हें किसान आंदोलन के विरोध पर गाने बनाने के लिए कहा गया। जिससे उन्होंने इंकार कर दिया। साथ ही उन्हें आढ़तियों को बिचौलिया कहने के लिए कहा गया था, वे स्वयं आढ़ती परिवार से हैं, जो लाइसेंस लेकर अपने रोजगार चलाते हैं। उन्होंने ऐसे गाने बनाने से इंकार कर दिया। साथ ही उन्होंने पिछले सप्ताह हरियाणा के सीएम की पब्लिसिटी पर पिछले सालों में खर्च 1500 करोड़ रुपये का हिसाब मांगते हुए कई आला अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से जवाब मांगा था। उस हिसाब-किताब का जवाब देने से पहले उन्हें अब हटाए जाने की सूचना मिल रही है। इस बारे में उनकी अभी किसी अधिकारी या नेता से बात नहीं हुई है। लेकिन पिछले कई दिनों से उन पर दबाव डाला जा रहा था।