राजौंद। जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में रोहेडा गांव की पहलवान निष्ठा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। निष्ठा ने 34 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई भी कर लिया है।
शहीद भगत सिंह कुश्ती अखाड़ा पहलवान निष्ठा ने प्रतिद्वंद्वी पहलवानों को पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अब वह राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। निष्ठा की उपलब्धि से उसके परिजनों, प्रशिक्षकों और शहीद भगत सिंह कुश्ती अखाड़ा रोहेड़ा के खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। अखाड़े से जुड़े लोगों ने निष्ठा को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि निष्ठा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगी। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
29