06-कैथल। गोली लगने घायल व्यक्ति देवीलाल।
- फोटो : Kaithal
पूंडरी। पूंडरी से ढांड रोड पर नहर के पास अज्ञात लुटेरों ने ट्रक ड्राइवर को लूट के इरादे से रुकवाया और पैसे न देने पर गोली मार दी। ट्रक चालक को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई में दाखिल करवाया है। वहीं पूंडरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पूंडरी थाना में दी शिकायत में राजस्थान के जिला बीकानेर डांडूसर निवासी गोपाल दास ने बताया कि वह व उसका साथी 30 अक्तूबर को अपने ट्रक में गुमथला (यमुनानगर) से रेता लेने के लिए गए थे। रात को वे दोनों रेत की खान से अपने अपने ट्रक में रेत लोड करके वापिस चले और जब वे गांव फरल से आगे पूंडरी की तरफ रात करीब तीन बजे नहर पर पहुंचे। देवीलाल का ट्रक उसके आगे-आगे चल रहा था। देवीलाल के ट्रक के आगे एक दम एक युवक आ गया। देवी लाल ने अपने ट्रक को रोक लिया। इतने में देखते-देखते खेतों से पांच से छह लड़के और आ गए। उनमें से एक लड़केने देवीलाल से पैसे मांगे तो देवीलाल ने खिड़की बंद करके ट्रक भगाने का प्रयास किया।
जब वो ट्रक भगाने लगा तो उनमें से एक लड़के ने ट्रक की खिड़की खोलकर देवीलाल पर गोली चला दी। गोली का छर्रा देवीलाल के पेट में लगा। तो देवीलाल ने शोर मचा दिया तभी पीछे से आवाज लगाई तो लुटेरे खेतों की तरफ भाग गए। फिर उसने देवी लाल को संभाला और एंबुलेंस के पास फोन किया। मौके पर एंबुलेंस गाड़ी पहुंचीं। देवीलाल को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल कैथल ले आया। जहां डाक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार कर उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
पुलिस ने गोपाल दास की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूंडरी थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि गोपाल दास की शिकायत पर लूट का प्रयास करते हुए गोली मारने, हत्या का प्रयास करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर हमलावरों की खोजबीन शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
इनसेट
गोली लगने के बाद भी ट्रक भगाता रहा चालक
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक देवीलाल के ट्रक को रुकवाकर बदमाशों ने ड्राइवर देवीलाल को कहा कि जो भी नकदी है, वह दे दो वरना गोली मार देंगे। जिस पर ड्राइवर ने बहादुरी का परिचय देते हुए ट्रक की खिड़की बंद करने की कोशिश की तो बदमाशों ने ड्राइवर देवीलाल पर गोली चला दी उनके पेट में जा लगी। गोली लगने के बावजूद ड्राइवर ट्रक को भगाकर पूंडरी में पुराना मोंगा फिलिंग स्टेशन तक ले आया। जहां पर उनके आगे चल रहे उनके साथी ड्राइवर ट्राला खड़ा था।