संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोडवेज ने अब हैप्पी कार्ड योजना में कार्ड वितरण के लिए पंचायतों की भी सहायता लेनी शुरू कर दी है, ताकि हर लाभार्थी तक रोडवेज का हैप्पी कार्ड पहुंच सके।
अब पंचायतों की ओर गांवों में सुबह व शाम के समय गांव- गांव मंदिरों व चौकीदारों से मुनादी करवाकर हैप्पी कार्ड के लाभार्थियों तक सूचना पहुंचा रही है। इसमें बताया जाता है कि बस स्टैंड से हैप्पी कार्ड लेकर आए और एक हजार किलोमीटर तक फ्री में सफर करें। वहीं, रोडवेज विभाग बस स्टैंड परिसर पर हैप्पी कार्ड वितरण के साथ मोबाइल फोन पर संदेश व कॉल कर लाभार्थियों को बुला रहा है।
सुबह पौने नौ मिनट पर ही संबंधित विभाग की तरफ से हैप्पी कार्ड के सभी 10 काउंटर खोल दिए जाते हैं व देर शाम सात बजे तक काउंटरों पर कार्ड दिए जाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी लाभार्थी को कार्ड लेने में परेशानी न आए।
योजना के तहत जब हैप्पी कार्ड बस स्टैंड पर मिलना शुरू हुए तभी से काउंटरों पर भीड़ शुरू हो गई थी। जिले में इस योजना के तहत 91 हजार हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन आए थे। इनमें से 82 हजार हैप्पी कार्ड बनकर आ गए हैं। इसमें से रोडवेज विभाग की तरफ से 37 हजार से ज्यादा हैप्पी कार्ड वितरित कर दिए गए है। जिले में रोजाना औसतन 1300 से 1400 के बीच बंटने की चल रही है।
हरियाणा सरकार ने हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के अंतर्गत एक लाख से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए हैप्पी कार्ड की घोषणा की है। इस कार्ड के अंतर्गत लाभार्थी को प्रतिवर्ष एक हजार किलोमीटर की मुफ्त यात्रा कर सकेगा।
एक हैप्पी कार्ड के लिए लाभार्थी को 50 का शुल्क देना होगा, जिसके अतिरिक्त कार्ड की लागत 109 रुपये होगी और वार्षिक रख-रखाव के लिए 79 रुपये का शुल्क सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। परिवार के सभी सदस्यों का हैप्पी कार्ड अलग-अलग बनेगा। पहले अटल सेवा केंद्र या मोबाइल से लाभार्थी को परिवार पहचान पत्र के आधार पर आवेदन करना होता है। उसके बाद हैप्पी कार्ड बनते ही विभाग की तरफ से लाभार्थी को संदेश या फोन पर संपर्क किया जा रहा है।
यह है हैप्पी कार्ड योजना : रोडवेज ने हरियाणा में रहने वाले अंत्योदय परिवारों को निशुल्क यात्रा की सुविधा देने के लिए हैप्पी कार्ड की योजना शुरू की है। इसके लिए पात्र परिवारों को एक स्मार्ट कार्ड हैप्पी कार्ड जारी किया जाता है। इस कार्ड के माध्यम से वे हरियाणा रोडवेज की बसों में हर साल एक हजार किलोमीटर तक की निशुल्क यात्रा कर सकते है। इसके लिए लाभार्थी की आय एक लाख रुपये कम प्रति वर्ष होने की शर्त है।
शनिवार व रविवार को भी सुबह पौने से लेकर शाम सात बजे तक कार्ड बांटे जाएंगे। जल्दी-जल्दी बस स्टैंड कार्यालय में आकर लोग हैप्पी कार्ड लें। कार्ड वितरण के लिए 10 काउंटर लगाए हुए हैं। सभी काउंटरों पर रोजाना हैप्पी कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। किसी भी लाभार्थी को कार्ड वितरण में परेशानी नहीं आने दी जाएगी। -कमलजीत सिंह, महाप्रंबधक, रोडवेज, कैथल
कंडक्टर व चेकिंग स्टॉफ को दिखाना होगा पहचान पत्र
हैप्पी कार्ड पर सफर करते समय अब लाभार्थी को कंडक्टर व चेकिंग स्टॉफ को अपनी कोई पहचान पत्र दिखाना होगा। पहचान पत्र में आधार कार्ड, पेन कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य डॉक्यूमेंट दिखाए जा सकते हैं।
गौरतलब है किपिछले दिनों विभाग को शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग दूसरे के हैप्पी कार्ड पर सफर कर विभाग के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके बाद परिवहन निदेशालय के उच्चाधिकारियों के आदेश पर पहचान पत्र साथ में रखना जरूरी कर दिया है। इससे यात्री को भी यात्रा में परेशानी नहीं आएगी। वहीं रोडवेज विभाग को भी नुकसान न होगा।