कैथल। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर जिला कमेटी ने सेक्टर 20 में स्थित जिला पालिका आयुक्त कार्यालय में शुक्रवार को उल्टे झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के नाम जिला पालिका आयुक्त सुशील कुमार को मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।
इसके साथ डोर टू डोर के ठेकेदार की ओर से की जा रही अनियमितताओं की जांच की मांग के साथ हटाए गए सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान गौरव टांक ने की। जबकि संचालन जिला सचिव विक्की टांक ने किया। प्रदर्शन में जिला एवं कस्बे से आए पद अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रदर्शन में कर्मचारियो को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्य संगठनकर्ता शिवचरण, राज्य उपप्रधान राजेंद्र सिणंद, केंद्रीय कमेटी सदस्य जयप्रकाश, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला वरिष्ठ उपप्रधान ओमपाल भाल ने कहा कि संगठन की ओर से 11 दिनों तक की गई सफल हड़ताल के दबाव में शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से तीन से चार पत्र जारी किए। अब वे अपनी मांगों के समर्थन में 21 जुलाई को राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन बुलाकर कर आंदोलन को ओर तेज करेंगे।
इस अवसर पर विजय गिल, पूर्व प्रधान महेंद्र बिड़लान, रामशरण, वर्षा, सरोज, बीना, प्रिथी सिंह, चीतो, तलविंद्र, सुशील कुमार, अमित, राजकुमार, संतोष रानी, बिमला, धर्मेंद्र पुहाल, रामदेव, गोपाल गागट, राहुल, सोनू आदि कर्मी मौजूद रहे।