संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खरकां में पेट्रोल पंप से रोडवेज की एक बस चोरी हो गई। इस मामले में गुहला थाना की पुलिस ने एक नामजद आरोपी सहित दो अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। पुलिस ने जांच के दौरान नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बाकी दोनों की तलाश जारी है।
गुहला थाने में दी गई शिकायत में सीवन निवासी राजिंदर सिंह ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज कैथल डिपो में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है और बस संख्या एचआर-64-9229 चलाता है। 15 मार्च को शाम छह बजे उसने व बस के परिचालक संदीप सिंह ने खरकां में बस को गुरमोहन फिलिंग स्टेशन पर खड़ा किया था। रात को उसने व संदीप ने खाना खाया और फिलिंग स्टेशन पर ही सो गए। जब वे सुबह उठे तो बस वहां से गायब थी। वे अपने स्तर पर बस की तलाश करते रहे, लेकिन बस नहीं मिली।
बाद में उन्हें पता चला है कि यह बस नागल निवासी गुरप्रीत सिंह व अन्य आरोपियों ने चोरी की है। यह बस कैथल से खरकां रूट पर चलती थी। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उधर, गुहला थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि चालक की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद व अन्य दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्होंने बताया कि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।