संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ईमानदारी का परिचय देते हुए मंगलवार को सीवन क्षेत्र में हरियाणा रोडवेज के एक बस चालक ने सड़क पर मिले एक लाख रुपये सही मालिक तक पहुंचाकर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया।
जानकारी के अनुसार पाई निवासी राकेश, जो हरियाणा रोडवेज में चालक के रूप में कार्यरत हैं, अपनी बस लेकर सीवन क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर पड़े पैसों पर पड़ी। राकेश ने तुरंत बस रोककर पैसे उठाए और आसपास के लोगों से इसके बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति पैसे का दावा करने नहीं आया। इसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पास की एक दुकान पर जाकर पैसे सुरक्षित रखवा दिए। उन्होंने दुकानदार से स्पष्ट कहा कि असली मालिक की पहचान होने तक रकम को सुरक्षित रखा जाए।
कुछ समय बाद एक व्यक्ति वहां पहुंचा, जिसने अपने पैसे खोने की जानकारी दी। जांच-पड़ताल और सही पहचान सुनिश्चित करने के बाद दुकानदार ने राकेश की मौजूदगी में पूरी राशि संबंधित व्यक्ति को लौटा दी। अपने पैसे वापस पाकर व्यक्ति ने राकेश और दुकानदार का आभार जताया।
राकेश की इस ईमानदारी की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के दौर में इस तरह की घटनाएं समाज में विश्वास और नैतिक मूल्यों को मजबूत करती हैं। यह उदाहरण अन्य लोगों को भी सच्चाई और जिम्मेदारी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।