तीन सवारियों की हालत गंभीर, पीजीआई रेफर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कैथल-जींद मार्ग पर गांव कसान के पास हरियाणा रोडवेज की बस का स्टेयरिंग फेल हो गया जिससे बस अनियंत्रित होकर खदानों में उतर गई। हादसे में 25 सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसमें तीन को पीजीआई रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही राजौंद पुलिस, तितरम थाना पुलिस व किठाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बस कैथल डिपो की थी।
घायल बस चालक शिशपाल व परिचालक कर्मबीर ने बताया कि कैथल डिपो की बस साढ़े चार बजे कैथल से जींद की तरफ जा रही थी कि कसान में नहर का पुल पार करते ही स्टेयरिंग फेल हो गया जिससे बस अनियंत्रित हो गई और बस सड़क के किनारे वाटर सप्लाई की खाली में धंस गई।
राजौंद थाना प्रभारी रामकुमार ने बताया कि घायल को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिसमें एक महिला सहित तीन का पीजीआई रेफर किया गया है। कुछ सवारियों का अभी सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
इनको लगी है चोट
हादसे में उचाना के गांव कसूण निवासी धर्मपाल, कथूरा निवासी महिला दर्शाना, एक अज्ञात युवक, अमरगढ़ गामड़ी निवासी महिला शीला, 35 वर्षीय लक्ष्मी निवासी गोहाना कथूरा, जींद निवासी 35 वर्षीय कृष्णा, हरनौली निवासी 35 वर्षीय रतिन्द्र कौर, जींद निवासी 25 वर्षीय नानकू मेहरा, गांव कडैला निवासी 50 वर्षीय सरजीतो, जींद निवासी 45 वर्षीय राजपति, कौल निवासी 22 वर्षीय सुमन, जैरो 80 वर्षीय सामदो जींद, चालक शिशपाल, परिचालक कर्मबीर, जींद के गांव भरसौला निवासी राजेन्द्र घायल हो गए। इसके अलावा आठ लोग मामुली चोटें की दवाई लेकर अस्पताल से चले गए। हादसे में धर्मपाल, दर्शाना व एक अज्ञात युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।