कैथल। जिला नगर योजनाकार कार्यालय ने जिला प्रशासन के सहयोग से कैथल की राजस्व संपदा पट्टी गादड़ व पट्टी चौधरी में विकसित हो रही दो अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क नेटवर्क, बाउंड्री वॉल और दो नव-निर्मित शोरूम को जेसीबी से गिरा दिया। यह कार्रवाई हरियाणा विकास एवं विनियमन अधिनियम 1975 (एचडीआर एक्ट) के तहत की गई।
इस दौरान नायब तहसीलदार राजौंद सुरेश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। जिला नगर योजनाकार कार्यालय की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माणों को नियमानुसार ध्वस्त किया।
जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय के संज्ञान में पट्टी गादड़ और पट्टी चौधरी में अवैध कॉलोनियों के विकसित होने का मामला आया था। संबंधित भूस्वामियों को नोटिस जारी किया गया पर न तो निर्माण कार्य रोका गया और न ही विभाग से किसी प्रकार की स्वीकृति ली गई।
उन्होंने आमजन को चेताते हुए कहा कि नियंत्रित क्षेत्र में कोई भी निर्माण या विकास कार्य शुरू करने से पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से आवश्यक अनुमतियां अवश्य लें। संवाद