संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वतंत्रता सेनानी श्री मनी राम पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरड़ में मंगलवार को सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मुख्य रूप से आज के समय में सड़क हादसों को रोकने के लिए जागरूक करना था।
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार एवं शिक्षा विभाग के पत्र के अनुसार इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां पूरे वर्ष चलने वाली हैं। तितरम थाना अध्यक्षा इंस्पेक्टर सुनीता ढाका ने इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग तकनीकी का युग है, जिसमें हमें सड़क पर चलते हुए हर समय सावधान रहने की आवश्यकता है। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के किसी को भी मोटरसाइकिल या कार आदि नहीं चलानी चाहिए। लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को समझाया गया।
सड़क पर चलते समय किन बातों को ध्यान में रखना चाहिए आदि सभी बातें विद्यार्थियों को बताया गया। दुर्गा शक्ति एप के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। लड़कियों को सोशल मीडिया पर सावधान रहने के लिए जानकारी दी।
इस मौके पर हिंदी प्राध्यापक सुरेश कुमार ने विद्यार्थियों को थाना अध्यक्षा का परिचय करवाया। प्रधानाचार्य ने स्मृति चिह्न एवं एक पौधा रोपित गमला भेंट कर मुख्य अतिथि एवं साथ में आए हुए मुलाजिमों को सम्मानित किया। सभी विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा के नियमों को अपनाने तथा लोगों को इस बारे में जागरूक करने का संकल्प लिया। इस मौके पर अनामिका, सुमनलता, विजेंद्र अत्री, दिलबाग, प्रदीप सहित स्टाफ मौजूद रहा।