संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को एडीसी सी जया श्रद्धा ने सड़क सुरक्षा विषय पर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा इंसान की जिंदगी से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें। बैठक में कुल 15 एजेंडे रखे गए, चार पूरे हुए तथा अन्य 11 को लेकर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग यातायात के नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, एमसी और पंचायत विभाग के अधिकारियों को भी बेसहारा पशुओं पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि जो विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर दिए बिंदुओं पर कार्य पूरा कर देता है तो उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट समयबद्ध देना सुनिश्चित करें। जितने भी क्षेत्र के अधिकारी हैं वे सभी जिला में दुर्घटना संभावित क्षेत्र, गड्ढे आदि की जानकारी दें, ताकि समस्या को दूर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा का कार्य लगातार चलने वाली प्रक्रिया है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी विभागीय तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि दुर्घटनाओं को होने से रोका जा सके। पुलिस विभाग ट्रैफिक व्यवस्था व ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करके रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जहां पर दुर्घटना की आशंका रहती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में 299 सड़क हादसे हुए, जिसमें 154 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि इस वर्ष मई महीने तक 124 हादसे हुए, जिसमें 61 लोगों की मृत्यु हुई। वहीं, चालान की बात करें तो मई माह में पुलिस विभाग ने 674 चालान किए गए, जिसमें करीब 12 लाख 87 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला।
आरटीए ने 69 चालान किए, जिसमें 25 लाख 14 हजार 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। सुरक्षित वाहन पॉलिसी के तहत पांच मई से 21 जून तक 550 बसें चेक की गईं। इनमें 175 वाहन नियमों का पालन न करने पर स्कूलों को नोटिस जारी किया गया। सेक्टर-18 चौक पर लगे पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को बस स्टैंड के गेट के सामने रेहड़ियों व ऑटों आदि को हटवाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कहा कि टयोंठा से संगरौली रोड पर हुए गड्ढे को जल्द भरा जाए। देवबन से सौंगल रोड पर सांकेतिक बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, सत्यवान सिंह मान, आरटीए गिरिश चावला, डीएसपी उमेद सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।