संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहरवासियों को लंबे समय से खराब हालत में पड़ी सड़क से जल्द राहत मिलने वाली है। नगर परिषद की ओर से करनाल रोड से देवीगढ़ रोड तक सड़क का नवीनीकरण कराया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 1.26 करोड़ रुपये है। इसके लिए टेंडर पहले ही पूरा हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग शहर की प्रमुख सड़कों में से एक है और रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया व चारपहिया वाहन यहां से गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
नगर परिषद के इस निर्णय के तहत सड़क को पूरी तरह से नया बनाया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे। स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से समस्या बनी हुई थी और कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ था। इससे आसपास के इलाकों के लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि शहर के यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।