महिलाओं ने कैथल-पटियाला मार्ग पर जाम लगा दिया
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला रोड बाईपास पर एक होटल के पास खुले शराब के ठेके के विरोध में महिलाओं ने कैथल-पटियाला मार्ग पर जाम लगा दिया। दोपहर एक बजे ज्योतिबा फूले कॉलोनी की महिलाओं ने सड़क के बीचों-बीच बैठकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शराब का ठेका बंद करने की मांग की। करीब एक घंटे तक सड़क पर चले इस ड्रामे से राहगीरों को भारी परेशानी हुई। जाम में आमजन ही नहीं स्कूल की बसें भी फंसी रही। उनका कहना था कि ठेकेदार द्वारा रातों-रात यहां शराब का ठेका खोला गया है जोकि सरासर गलत है।
गुस्साईं महिलाओं ने शराब के ठेके के आगे बैठकर भी ठेकेदार के खिलाफ नारे लगाए। उनका कहना था कि इस रोड से सारा दिन बहू बेटियों का गुजरना है। शराब का ठेका खुलने से उनकी कालोनी का वातावरण दूषित हो जाएगा। महिला माया, मालती, पूनम, कमलेश, सुनीता, कविता, शीला, कृष्णा, बिमला, अमनदीप, हर्ष, सोनू का कहना था कि खुराना रोड, ज्योतिबा फूले कालोनी की महिलाएं तो इस होटल से ही बहुत परेशान थी। क्योंकि होटल में शराब पीकर शराबी लोग यहां गलियों में खड़े हो जाते हैं।
गलियों के मोड़ पर खड़े होकर खुले में पेशाब करते हैं। अब यहां शराब का ठेका भी खोल दिया गया है। इससे तो कालोनी की बहू बेटियों का यहां से गुजरना मुश्किल हो जाएगा। इस तरह से रिहायशी कालोनियों के बीच में शराब का ठेका खोलना सरासर गलत है। जाम की सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया कि यदि यह ठेका अवैध है तो इसे यहां नहीं खुलने दिया जाएगा। इसके लिए मौके पर ठेकेदार के कारिंदों को बुलाकर कागजात प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। इसके बाद पुलिस महिलाओं को शांत करते हुए जाम खुलवाया। इसके बाद महिलाएं डीसी कार्यालय पहुंची और डीसी के नाम ज्ञापन दिया।