ग्रामीणों ने लगाया चार घंटे का जाम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गांव पाड़ला के निकट तेज रफ्तार पिक-अप चालक ने बाइक सवार 3 युवकों को टक्कर मार दी। इसके बाद भागने का प्रयास में सामने से आ रही पंजाब रोडवेज की बस को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले कैथल सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत होने के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। दोनों घायलों के पैरों पर अधिक चोट है। बाद में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में रोष फैल गया और कैथल-खनौरी मार्ग पर करीब चार घंटे तक जाम लगाए रखा। भाजपा नेता राव सुरेन्द्र के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला और पुलिस कर्मचारी के रवैये के खिलाफ एसपी को शिकायत दी।
जानकारी अनुसार सुबह करीब साढे़ आठ बजे गांव नंदसिंह वाला के 23 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू सैनी, 25 वर्षीय अमरीक सैनी व 20 वर्षीय रविप्रकाश सैनी निवासी गांव से सुबह करीब 8 बजे घर से कैथल काम पर आ रहे थे। अभी वे गांव पाड़ला स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही पिकअप गाड़ी चालक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस टक्कर में राजकुमार उर्फ राजू की मौके पर ही मौत हो गई। अमरीक व रविप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए जिनको बाद में प्राइवेट गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया गया। पिकअप गाड़ी चालक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद भागने के प्रयास में सामने से आ रही पंजाब रोडवेज बस में टक्कर मार दी और दोनों गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। बस में बैठे यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है।
मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो घंटे बाद घटना स्थल पर एक पुलिस कर्मचारी पहुंचा। इस कर्मचारी ने कहा कि हर रोज हादसे होते हैं। टक्कर मारने वाला उसका खुद का रिश्तेदार भी हो सकता है। जिस पर लोग भड़क उठे और लोगों ने कैथल-खनौरी मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने मांग रखी कि मृतक परिवार को 10 लाख रुपये सहायता राशि व एक नौकरी भी दी जाए।
राव सुरेंद्र सिंह के आश्वासन पर खोला जाम
दोपहर करीब 12.15 बजे जाम लगा रहे लोगों के बीच भाजपा नेता राव सुरेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले इस घटना पर दुख करते हुए कहा कि आरोपी को कानून सजा देगा। ग्रामीणों की 10 लाख व सरकारी नौकरी की मांग पर उन्होंने कहा कि यह अधिकार क्षेत्र सरकार के पास है। वे उनकी बात सरकार तक अवश्य पहुंचा देंगे। लेकिन इस समय रास्ता रोककर आमजन को परेशान करना भी ठीक नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
बाद में लोगों ने लघु सचिवालय पहुंच कर एसपी को मौके पर पहुंच कर दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। एसपी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।