संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ की ओर से मनाली में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ रेडक्रॉस एडवेंचर शिविर में आरकेएसडी कॉलेज की टीम ने बेस्ट टीम का खिताब अपने नाम किया। यह शिविर 23 से 27 जून तक आयोजित किया गया।
शिविर का उद्घाटन हरियाणा रेडक्रॉस के संयुक्त सचिव अनिल कुमार जोशी ने किया। शिविर निदेशक रोहित शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में हरियाणा के 17 जिलों से 27 टीमों के 11 काउंसलर और 72 युवाओं ने भाग लिया।
शिविर में प्रशिक्षित टीम ने विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया। स्टेट ट्रेनिंग सुपरवाइजर रमेश चौधरी ने मंच संचालन करते हुए युवाओं को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी रविंद्र कुमार ने युवाओं को आपदा के समय रेडक्रॉस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने और समाज को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रिलीफ ऑफिसर सरबजीत सिंह, सुरेंद्र श्योराण, संजीव शर्मा, दिनेश कुमार, नंदलाल, सूरज मौर्य और रंजीत कुमार भी उपस्थित रहे और वालंटियर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस उपलब्धि पर प्रबंधक समिति के प्रधान अश्विनी शोरेवाले और प्राचार्य डॉ. एसएस मैहला ने टीम के संयोजक डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. सूरज वालिया तथा पूरी यूथ रेडक्रॉस टीम को बधाई दी।