संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के छात्र विनय गर्ग, साहिल जगिया, आदित्य पूनिया व ईशान डूडेजा में टाटा आईपीएल में इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ है। यह इंटर्नशिप महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मुल्लांपुर न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले आईपीएल मैचों के दौरान होगी।
इनका चयन टीम रिसोर्सेज की ओर से आयोजित ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। कॉलेज के 35 छात्रों ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया था।
प्राचार्य डॉ. सत्यबीर मेहला ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन में कार्य करना छात्रों को अनुशासन, टीमवर्क और व्यावसायिकता जैसे जीवन के महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों के परिवार को भी बधाई दी और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह इंटर्नशिप छात्रों को खेल आयोजन, प्रबंधन और प्रोफेशनल माहौल का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करेगी जो उनके कॅरिअर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। डॉ. विशाल आनंद ने रिसोर्सेस ग्रुप के ऑफिसर्स से संपर्क करके छात्रों की इंटर्नशिप का सारा प्रबंध किया।