कैथल। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल परिसर में आयोजित अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में आरकेएसडी महाविद्यालय कैथल की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग की थ्री बाई थ्री (3×3) स्पर्धा में महाविद्यालय की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं पुरुष वर्ग की टीम स्पर्धा में तीसरा और महिला वर्ग की टीम स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग की 3×3 स्पर्धा में तीन खिलाड़ियों की टीम ने पहला स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय को स्वर्ण पदक दिलाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्रबंधक समिति के प्रधान अश्विनी शोरेवाले ने सभी खिलाड़ियों और टीम प्रभारी डॉ. गुरदीप भोला को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन महाविद्यालय की बेहतर खेल संस्कृति को दर्शाता है। प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई और भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
ये रहे विजेता खिलाड़ी
पुरुष वर्ग की थ्री बाई थ्री स्पर्धा में युवराज, अमित, शिव कुमार और पारुल ने भाग लेते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। इसी तरह पुरुष बास्केटबॉल टीम में अभिनव चहल, योगेश कुमार, पारुल, युवराज, प्रिंस, अमित कुमार, शिव, आर्यन, आदित्य, साहिल, वंशदीप और वरदान रहे। महिला टीम में स्वाति, स्नेहा, अन्नू, तनु, अनु, आशा, ऋचा रानी, सलोनी, खुशी, हिमांशी, इशु रानी और भूमिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विजेता बास्केटबॉल खिलाड़ी प्राचार्य व स्टाफ के साथ। विज्ञप्ति