आरकेएसडी कॉलेज में दाखिलों को लेकर पहुंचे विद्यार्थी। विज्ञप्ति
कैथल। जिले के सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष के दाखिलों की स्थिति अंतिम दिन भी निराशाजनक ही रही। अधिकतर कॉलेजों में अंतिम दिन भी एक या दो दाखिले ही हो सके। इस कारण अधिकांश कॉलेजों में उपलब्ध सीटों के मुकाबले दाखिलों की संख्या कम रही। जिले में सबसे अधिक दाखिले आरकेएसडी कॉलेज में हुए, जहां विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 1834 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसके बावजूद कॉलेज की कुल सीटों के मुकाबले यह आंकड़ा पूरी तरह संतोषजनक नहीं माना जा रहा।
वहीं इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में 743 दाखिले हुए, जो कुल सीटों के आधे से भी कम हैं। दूसरी ओर राजकीय महाविद्यालय में सबसे कम 411 दाखिले हुए। इससे जिले के कॉलेजों में उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की रुचि और उपलब्ध सीटों के भरने की स्थिति पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीजी प्रथम वर्ष में दाखिला प्रक्रिया जारी
कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले बंद हो गए हैं लेकिन पीजी प्रथम वर्ष के दाखिलों की प्रक्रिया अभी जारी है। 23 अगस्त को प्रोविजनल मेधा सूची जारी हो चुकी है, जबकि 24 अगस्त को फाइनल मेधा सूची जारी होगी। विद्यार्थी 25 से 27 अगस्त तक फीस जमा करवा सकेंगे। रिक्त सीटों के लिए 28 अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग होगी।
रविवार को स्नातक कोर्स प्रथम वर्ष के लिए दाखिलों का अंतिम दिन था लेकिन अब भी काफी संख्या में सीटें खाली हैं। खाली सीटों को भरने के लिए अभी कोई दिशा-निर्देश नहीं हैं। ऐसे में विभाग के अधिकारियों को लिखा जाएगा, ताकि अब भी जो दाखिलों से वंचित हैं, उन्हें खाली सीटों पर दाखिला दिया जा सके।
- डॉ. मनोज भांबू, नोडल अधिकारी, उच्चतर शिक्षा विभाग, कैथल।
आरकेएसडी कॉलेज में दाखिलों को लेकर पहुंचे विद्यार्थी। विज्ञप्ति