कैथल। जिला कैथल के पिलनी गांव की बेटी रितिका शर्मा व आरुषि प्रजापति का 19 आयु वर्ग में हरियाणा क्रिकेट टीम में चयन हुआ। कोच रामभज शर्मा ने बताया कि बीसीसीआई के तत्वावधान में चौधरी बंसी लाल स्टेडियम लाहली रोहतक में एक से 30 सितंबर तक 19 आयु वर्ग महिला क्रिकेट टीम के लिए शिविर में भाग लिया था।
इसमें विभिन्न जिलों से लगभग 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से 16 खिलाड़ियों की टीम का चयन हुआ। जिसमें कैथल की दो खिलाड़ी शामिल हैंं। खिलाड़ी रितिका शर्मा ने एक महीने तक कड़ा अभ्यास कर 19 आयु वर्ग में महिला हरियाणा क्रिकेट टीम में जगह बनाई। अब दोनों खिलाड़ी इंदौर में आठ से 16 अक्तूबर तक मैचों में अपना प्रदर्शन दिखाएगी।
कोच रामभज शर्मा ने बताया कि गांव पिलनी की क्रिकेटर रितिका शर्मा बाएं हाथ की बल्लेबाज है। वह 11वीं कक्षा की छात्रा है।
उसके पिता राजेश शर्मा खेती करते है। मां उषा देवी है। वह तीन भाई बहनों में सबसे छोटी है। वह पूंडरी में फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी में छठी कक्षा से निरंतर अभ्यास करती है। रितिका शर्मा स्कूली खेलों में राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी है। वह पिछले वर्ष भी 15 आयु वर्ग में हरियाणा वनडे सीरीज रांची में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।
रितिका के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ही हरियाणा प्रदेश प्रतियोगिता में विजेता रहा। वह राजस्थान में दो बार लीग मैचों में बेस्ट बल्लेबाज का अवार्ड भी जीत चुकी है। इस सफलता का पूरा श्रेय रितिका शर्मा के अभिभावक व क्रिकेट कोच रामभज शर्मा को जाता है। जिनके कुशलतम मार्गदर्शन, अथक परिश्रम से रितिका की दृढ़ संकल्प शक्ति का ही सफल है। जिससे वह नित नए आयाम स्थापित कर रही है। हम सभी शीघ्र ही रितिका को भारतीय महिला क्रिकेट टीम में भी देखेंगे। कोच मनोज कुमार ने बताया कि आरुषि प्रजापति कैथल की रहने वाली है। बीसीसीआई के तत्वावधान में चौधरी बंसीलाल स्टेडियम लाहली रोहतक में एक से 30 सितंबर तक 19 आयु वर्ग महिला क्रिकेट टीम के लिए शिविर में भाग लिया। आरुषि पिछले तीन वर्षो से विद्या रेजिडेशनल क्रिकेट अकादमी में अभ्यास कर रही हैं। वह दाएं हाथ की स्पिनर गेंदबाज हैं। संवाद