संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में शुक्रवार सुबह बादलों की लुकाछिपी के बीच मौसम ठंडा रहा। प्रदूषण के स्तर में वृद्धि से शहर की हवा खराब हुई है। अस्पतालों में सांस और अस्थमा के रोगी बढ़े है। उधर, सुबह के समय लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। दिन में कुछ देर धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद आसमान फिर बादलों से ढक गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और ठंड में बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडक बढ़ने के साथ ही बाजार में शीतल पेय पदार्थों की मांग घटने लगी है। वहीं किसान अब गेहूं की अगेती बिजाई में जुट गए हैं। खेतों में ट्रैक्टर चलते और किसान तैयारी करते देखे जा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार 10 नवंबर तक गेहूं की बिजाई की जा सकती है। तापमान में गिरावट फसल के लिए लाभदायक रहेगी।
बदलते मौसम और प्रदूषण के असर से सांस व गले की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 30 मरीज ओपीडी और करीब 20 मरीज इमरजेंसी में पहुंच रहे हैं। कुल मिलाकर रोजाना करीब 65 मरीज सांस से संबंधित दिक्कतों के उपचार के लिए आ रहे हैं। डॉ. राकेश वर्मा ने बताया कि मेडिसिन की ओपीडी में रोजाना 250 से 300 मरीज आ रहे हैं, जिनमें करीब 10 प्रतिशत सांस की बीमारियों से ग्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि मौसम में उतार-चढ़ाव से पुराने रोगियों के साथ नए मरीज भी बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं, जिन्हें नियमित उपचार और सावधानी की आवश्यकता है। मौसम विशेषज्ञ रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि अब जिले में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। शुक्रवार को दोपहर में हल्की धूप से तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दिन का अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा।