संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत में एक नाबालिग से रंजिशन मारपीट करने का मामला सामने आया है। इसमें कलायत थाना की पुलिस ने स्कूल के ही एक अन्य नाबालिग सहित अन्य दो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कलायत थाना में दी गई शिकायत में वार्ड आठ निवासी राकेश ने बताया कि उसका 17 वर्षीय बेटा रोहित सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। रोहित को उसी के स्कूल में 10वीं का एक छात्र फोन पर बार-बार तंग करता था। किसी बात को लेकर वह रोहित से रंजिश रखने लगा। मंगलवार को जब उसका बेटा रोहित स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने घर जा रहा था तो स्कूल से निकलते ही पीछे से बाइक पर सवार 10वीं के छात्र ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर रोहित पर हमला कर दिया। एक ने रोहित का गला पकड़ा तो दो अन्य ने गंडासी से वार किए। आरोपियों ने उसके बेटे के पैरों, कंधों, कलाई और सिर पर चोट मारकर घायल कर दिया।
इसके बाद अन्य लोगों के आ जाने की वजह से तीनों बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने रोहित को जिला नागरिक अस्पताल कैथल में दाखिल करवाया गया, जहां इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी राम जुवारी ने बताया कि पिता की शिकायत पर तीन नामजद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।