संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शनिवार सुबह से आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप खिली, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। धूप निकलने के कारण दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और जनजीवन सामान्य नजर आया। हालांकि, सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन अभी भी बरकरार है।
शनिवार को कैथल का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को भारी गर्म कपड़ों और जैकेट से कुछ हद तक राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय सर्दी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया गया।
8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं ठंडी हवाएं ः क्षेत्र में शनिवार को लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। इन हवाओं के कारण धूप खिली रहने के बावजूद वातावरण में हल्की सिहरन बनी रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. रमेश चंद्र वर्मा के अनुसार हवाओं की दिशा में बदलाव और आसमान साफ रहने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि गेहूं की फसल के लिए वर्तमान मौसम अनुकूल है। इस समय की धूप दानों के विकास और पौधों की वृद्धि के लिए लाभकारी मानी जाती है।
हालांकि, सुबह-शाम की ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार दिन में गर्मी और रात में ठंड के कारण वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए खान-पान, पहनावे और दिनचर्या में संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। फरवरी के पहले सप्ताह में धुंध से राहत मिली और मौसम साफ होना शुरू हुआ था। अब भी राहत है।
नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार इस मौसम में वायरल बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम की ठंड से बचाव करने की जरूरत है। ठंडी हवाओं के कारण गले और श्वसन संबंधी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।