संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। गणतंत्र दिवस समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के मद्देनजर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चीका में मार्च पास्ट, पीटी शो, तथा भवानी मंदिर के सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने पूर्वाभ्यास किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिन्हें अंतिम रूप दिया जा चुका है। इन कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चे 23 जनवरी तक निरंतर पूर्वाभ्यास करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरदार कर्म सिंह ग्रेवाल पब्लिक स्कूल चीका की छात्राओं ने ग्रुप सोंग, जेवियर इंटरनैशनल एकेडमी चीका के बच्चों ने ग्रुप डांस, सरदार प्रीतम सिंह मेमोरियल स्कूल बदसूई की छात्राओं ने गुजराती नृत्य व भंगड़ा, कोहिनूर इंटरनेशनल एकेडमी टटियाना की छात्राओं ने गिद्दा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका की छात्राओं ने वंदे मातरम तथा एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका की बच्चों ने कोरियोग्राफी प्रस्तुत कर अभ्यास किया। अभ्यास के अंत में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
समारोह के आकर्षण के लिए जहां हरियाणा पुलिस, एनसीसी, गर्ल्स गाइड की टूकड़ियों की ओर से शानदार मार्च पास्ट के लिए पूरी मेहनत और लग्न से अभ्यास किया जा रहा है। वहीं, स्कूलों के लगभग 600 बच्चे एक साथ पीटी प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। शारीरिक अभ्यास पर आधारित कार्यक्रमों में डंबल और लेजियम का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस की अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका के मैदान में होगा। इस मौके पर प्रधानाचार्य अशोक कुमार व राजीव कोचर, चरणजीत कौर, राजेश कुमार लिपिक, तथा विभिन्न स्कूलों के अध्यापक मौजूद रहे।