संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हरियाणा महाविद्यालय शिक्षा के अध्यक्ष डॉ. पुष्प दीप डागर के नेतृत्व में एक शिष्ट मंडल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ से मिला। इस दौरान पदोन्नति के मुद्दे पर बातचीत के दौरान कुलपति ने बताया कि उन्होंने महाविद्यालय के नियमित शिक्षकों के लिए पार्ट टाइम पीएचडी का प्रावधान किया है।
उन्होंने बताया कि पीएचडी करने के इच्छुक शिक्षक कोर्सवर्क का 40 प्रतिशत भाग आभासीय पटल व शेष शनिवार, रविवार एवं आकस्मिक अवकाश से कर सकेंगे।
इससे पूर्व शिष्ट मंडल के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से कुलपति को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का वार्षिक पंचांग और महर्षि दयानंद सरस्वती की पुस्तक भेंट की। इसके बाद शैक्षिक महासंघ की ओर से डॉ. बिजेंद्र कुमार ने राजकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों की कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम के तहत होने वाले प्रमोशन के विषय पर बातचीत रखी। इसमें सभी लंबित पदोन्नति को विश्वविद्यालय के द्वारा शीघ्र करने का आग्रह किया गया।
इस पर कुलपति ने अपनी सहमति जताई और जल्दी से जल्दी सभी शिक्षकों को इसका लाभ देने का आश्वासन दिया।
डॉ. पुष्प दीप डागर के बताया कि महाविद्यालयों के शोध कार्य के लिए पंजीकृत शिक्षकों के लिए पीएचडी की सीट देने के लिए भी सहमति बनी। पीएचडी करने के इच्छुक महाविद्यालय के नियमित शिक्षकों के लिए सीटें आरक्षित करने पर भी सहमति बनी।
शिष्ट मंडल में कोषाध्यक्ष डॉ. अनिल, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रोफेसर दिनेश राणा, डॉ. सतबीर प्रांत टोली सदस्य, डॉ. बिजेंद्र कुमार, डॉ. सुरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।