संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मिशन बुनियाद और सुपर 100 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए मिशन बुनियाद और कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए सुपर 100 के रजिस्ट्रेशन किए गए।
पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजौंद के प्रधानाचार्य अजय मलिक और सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य विजेंद्र कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार थे।
खंड स्तरीय इस कार्यक्रम में राजौंद क्षेत्र के 33 मिडल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सरकारी विद्यालयों से कुल 200 विद्यार्थी और 50 से अधिक अध्यापक-अध्यापिकाएं कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
फाउंडेशन की तरफ से अतेंद्र कुमार और दिव्या पूजा ढुल, एसी कैथल और अमित एसी जींद कार्यक्रम में मौजूद रहे। साथ ही, सुरेश कौशिक और एबीआरसी स्टाफ सदस्य, मिशन बुनियाद टीम और पीएम श्री गर्ल्स स्कूल के स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
मंच संचालन रामरतन शर्मा ने किया। इस अवसर पर सभी बच्चों और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्य अध्यापकों और मिशन प्रशिक्षकों से अपील की गई कि वे 100 प्रतिशत बच्चों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें।