कैथल। बागवानी फसलों की खेती पर अनुदान के लिए हरियाणा सरकार अनुदान दे रही है। इसके लिए किसानों को ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ और ‘होर्टनेट’ पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। यह जानकारी उपायुक्त प्रीति ने दी।
उन्होंने बताया कि बागवानी खेती में फलों के नए बाग लगाना, सब्जियों की खेती को एकीकृत मॉडल के तहत करना, मसालों और खुशबूदार पौधों की खेती जैसे कार्य शामिल हैं। नए बाग लगाने पर प्रति एकड़ 24,500 से 1,40,000 रुपये तक। सब्जियों की खेती (एकीकृत मॉडल) पर 15,000 रुपये प्रति एकड़, अनुसूचित वर्ग के किसानों को 25,500 रुपये प्रति एकड़, मसालों की खेती पर 15,000 से 30,000 रुपये प्रति एकड़, फूलों की खेती पर 8,000 से 40,000 रुपये प्रति एकड़, खुशबूदार पौधों की खेती पर 8,000 रुपये प्रति एकड़ अनुदान प्रदान किया जाएगा। अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ किसान को अपना परिवार पहचान पत्र, बैंक खाता विवरण, और जहां आवश्यक हो, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे। संवाद