पूंडरी। प्रियदर्शिनी आवास योजना के पात्र होने के बावजूद अहमदपुर के एक गरीब परिवार को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। पक्का मकान बनाने से वंचित गरीबों को छत उपलब्ध करवाने के मकसद से शुरू की गई इस योजना के तहत बीपीएल सूची में शामिल परिवारों को इस फायदा मिलता है। लेकिन पूंडरी के गांव अहमदपुर के महाबीर पुत्र फकीरचंद को पात्र होने के बावजूद इस योजना का फायदा नहीं मिला है।
हालांकि अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय द्वारा 13-8-2013 को जारी पात्र लोगों की सूची में महाबीर का नाम पहले नंबर पर है, लेकिन उसे फायदा नहीं मिल रहा है। महाबीर अपनी समस्या को लेकर बीडीपीओ कार्यालय से लेकर जिला उपायुक्त के कार्यालय के चक्कर काट चुका है, लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही।
उसका कहना है कि उसके साथ के सभी पात्रों को फायदा मिल चुका है, लेकिन वह अब तक वंचित है। महाबीर ने बताया कि अधिकारी पात्रों की तो सुनवाई नहीं करते, लेकिन जिनकी सिफारिश हो उन्हें तुरंत इसका फायदा मिल जाता है।
तीस जून तक पैसे मिल जाएंगे : अधिकारी
इस बारे में जब ब्लाक विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि महाबीर ने पक्का मकान बनवाने के लिए आवेदन दिया है और उन्होंने मौका कर लिया है। उन्होंने कहा कि 30 जून तक महाबीर के अकाउंट में इस योजना का पैसा डाल दिया जाएगा।