संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खेतों और अन्य स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों की दिन में रेकी कर रात के समय उनका सामान चोरी करने वाले गिरोह का सीआईए-1 पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों बेगा बस्ती गुहला निवासी रोहित कुमार, चीका निवासी विशाल उर्फ मोटा व अमित, कुरुक्षेत्र के गांव लुखी निवासी राजकुमार और नेपाल निवासी हाल चीका विनोद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, छह किलो तांबा तार, पांच लीटर ट्रांसफार्मर तेल, इंसुलेटर, बॉडी, क्वाईल और एक ट्रांसफार्मर बरामद किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना गुहला, चीका और ढांड क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की 31 और चीका में मोबाइल चोरी की एक वारदात समेत कुल 32 मामले सुलझे हैं।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों ने चोरी का पूरा तरीका तय कर रखा था। गिरोह के सदस्य दिन में बाइक से खेतों और अन्य क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों की रेकी करते थे। वे खास तौर पर पीले रंग और गणपति इंटरप्राइजेज लिखे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाने के लिए चिन्हित करते थे। इसके बाद रात के समय मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर से तेल, तांबा तार और दूसरे कीमती सामान निकाल लेते थे।
चीका में ट्रांसफार्मर चोरी के बाद शुरू हुई जांच : 16 जून को एक्सईएन कार्यालय के सामने रखे 16 केवीए के ट्रांसफार्मर की जांच के दौरान उसका सामान और तेल गायब मिला था। इससे बिजली निगम को करीब 47,557 रुपये का नुकसान हुआ था। उपमंडल अधिकारी यूएचबीवीएन चीका की शिकायत पर थाना चीका में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बढ़ती ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने मामले की जांच सीआईए-1 को सौंपी। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि चोरी किया गया सामान आरोपी पंजाब के गांव बलबेड़ा में एक कबाड़ी को बेचते थे।