संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। नशामुक्त हरियाणा, दूध, दही खाने के संकल्प के साथ प्रदेश में नशे के खिलाफ पैदल बुग्गी यात्रा निकाल रहे जींद के ऐचराकलां निवासी पहलवान रविंद्र तोमर मंगलवार को जिले में पहुंचे। यहां नशा मुक्त कैथल मुहिम चला रही टीम ने उनका स्वागत किया।
रविंद्र ने कैथल व गुहला-चीका की मुख्य सड़कों व बाजार में लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जब तक हरियाणा पूरी तरह से नशा मुक्त नहीं हो जाता तब तक उसकी यात्रा जारी रहेगी। नए बस स्टैंड चौक से लेकर पिहोवा चौक से अंबाला रोड होते हुए रविंद्र अंबाला की तरफ निकल गए। वहीं, पुलिस टीम ने करनाल चौक, पट्टी अफगान, अर्जुन नगर कैथल, खानपुर व सीवन में जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
टीम में इंस्पेक्टर रामलाल, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार व होमगार्ड शमशेर सिंह शामिल रहे। कार्यकम में नुक्कड़ नाटक व रैली निकालकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। एसपी राजेश कालिया ने बताया कि इस दौरान पुलिस टीम ने जानकारी दी कि नशा समाज के लिए अभिशाप बन चुका है। नशा लाखों परिवार बर्बाद कर चुका है और कर रहा है। इसकी वजह से हर साल हजारों नवयुवक नशे की दलदल में फंसकर अपनी जान गंवाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस की ओर से बेहतर कदम उठाए जा रहे है, नशा तस्करों पर लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से चलाए गए इस अभियान में जनता के सहयोग की जरूरत है। आमजन बिना किसी डर भय के नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों की सूचना बेखौफ होकर पुलिस को दे, सूचना देने वाले का नाम पूर्णतया गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की असली जगह सलाखों पीछे है।
एसपी ने कहा कि नशे से पीड़ित व्यक्तियों को नशा छुड़ा कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पुलिस के साथ आमजन का भी कर्तव्य है। अगर कोई व्यक्ति नशे की लत से निजात पाना चाहता है तो सरकारी अस्पताल कैथल से दवाई ले सकता है।